JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर अपराधियों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने सेक्टर-21 निवासी व्यक्ति के मोबाइल फोन को हैक कर उसके बैंक खाते से 1 लाख 95 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त करने वाले एक आरोपी को 24 अगस्त को जम्मू से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित निवासी जम्मू के रूप में हुई है। आरोपी के बैंक खाते में साइबर ठगी की 97 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर हुई थी। जिसको माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-21 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी कि किसी नाम.पता नामालूम व्यक्ति द्वारा उसके मोबाइल फोन को हैक कर उसके बैंक खाते से 195000 रुपये निकाल लिये हैं।
उन्होंने आगे बताया कि शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज किया गया और जांच के दौरान पुलिस टीम ने ठगी की रकम के लेन-देन की कडिय़ों को जोड़ते हुए उस बैंक खाते की पहचान की, जिसमें ठगी की रकम का एक हिस्सा ट्रांसफर हुआ था।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी रोहित मामले में खाताधारक है और उसके बैंक खाते में साइबर ठगी के 97 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। पुलिस टीम ने बैंकिंग ट्रांजेक्शन एवं अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। रोहित 12वीं पास है और जम्मू में लोन रिकवरी का काम करता है।
फरीदाबाद पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की जांच के दौरान उन बैंक खातों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को प्राप्त करने एवं आगे ट्रांसफर करने के लिए किया जाता है। पुलिस द्वारा साइबर ठगी की रकम के ट्रांजेक्शन की कडिय़ों को जोडक़र आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी एवं बैंकिंग साक्ष्यों का इस्तेमाल किया जा रहा है।