JKNEWS18/FARIDABAD : फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के सहयोग से बडख़ल चौक एवं अनखीर चौक पर हेलमेट सेफ्टी एवं आईएसआई मार्क जागरूकता अभियान आयोजित किया। अभियान का उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों को मानक गुणवत्ता वाले हेलमेट के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा सडक़ दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर सिर की चोटों को कम करना था।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए तथा आईएसआई मार्क युक्त हेलमेट के उपयोग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि केवल आईएसआई प्रमाणित हेलमेट ही निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरे उतरते हैं और दुर्घटना की स्थिति में सिर की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं।
इस अवसर पर रोड सेफ्टी इंचार्ज इंस्पेक्टर राजेश ने कहा कि हेलमेट पहनना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे हमेशा आईएसआई मार्क युक्त हेलमेट का ही प्रयोग करें और अपने परिवार व परिचितों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में ट्रैफिक ताऊ सब-इंस्पेक्टर वीरेन्द्र ने अपनी सहज एवं जनसामान्य से जुड़ी शैली में सडक़ सुरक्षा का संदेश देते हुए कहा कि हेलमेट कोई बोझ नहीं, बल्कि आपकी सुरक्षा की ढाल है। घर से निकलते समय जैसे मोबाइल और चाबी साथ लेते हैं, उसी तरह हेलमेट पहनना भी अपनी आदत बनाएं।
आपकी सुरक्षा आपके परिवार की खुशी से जुड़ी है। अभियान के दौरान उपस्थित नागरिकों को सडक़ सुरक्षा नियमों, सुरक्षित वाहन संचालन तथा मानक सुरक्षा उपकरणों के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया।