JKNEWS18/FARIDABAD : अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने थाना छायंसा क्षेत्र के अंतर्गत केजीपी एक्सप्रेस.वे पर कैन्टर चालक के साथ मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान जान मोहम्मद, मोहम्मद बिलाल, मनव्वर निवासी गांव देहरा जिला हापुड़ उत्तर प्रदेश तथा मोहम्मद तालिब निवासी गांव नाहल जिला गाजियाबाद उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जिनको अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता जान मोहम्मद उर्फ जानू निवासी गांव डेकली, जिला नूंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह गुरुग्राम की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कैन्टर चालक है। वह बेंगलुरु से सामान लेकर गाजियाबाद जा रहा था। 10 जुलाई 2026 की देर रात करीब 12.30 बजे मोजपुर टोल टैक्स के पास नींद आने पर उसने अपना कैन्टर सडक़ किनारे खड़ा कर दिया।
इसी दौरान एक सफेद रंग की कार में सवार चार युवक वहां पहुंचे। जिन्होंने कैन्टर की खिडक़ी खोलने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक आरोपी ने लोहे की कुंडी से चालक के सिर पर हमला कर दिया, जबकि अन्य ने उसका मोबाइल फोन, बैग तथा कैन्टर में लगी एलसीडी स्क्रीन निकालकर लूट ली और मौके से फरार हो गए।
जिसकी शिकायत पर थाना छायंसा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लूट की वारदात को अंजाम देने की नीयत से एक्सेंट कार में एक्सप्रेस-वे पर घूम रहे थे। इसी दौरान उन्हें सडक़ किनारे खड़ा कैन्टर दिखाई दिया, जिसके शीशे खुले हुए थे।
जिसका फायदा उठाकर उन्होंने चालक को नीचे उतारकर उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन, बैग तथा कैन्टर में लगी एलसीडी स्क्रीन लूटकर फरार हो गए।
आरोपी मोहम्मद तालिब वारदात में प्रयुक्त एक्सेंट कार का मालिक है और घटना के समय वही कार चला रहा था। आरोपियों का पूर्व में आपराधिक रिकार्ड भी रहा है, मोहम्मद बिलाल, जानमोहम्मद और मनव्वर के विरुद्ध दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश में पहले से भी मामले दर्ज हैं।