JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना एनआईटी की टीम ने फेसबुक पर फर्जी निवेश योजना के माध्यम से 5.75 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में खाता ऑपरेट करने वाले एक आरोपित को दिल्ली से 25 जून को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान संदीप कुमार वासी पाईसोर, नालंदा बिहार हाल हनुमान गंज, बुराडी दिल्ली के रूप में हुई है।
जिसको आगामी पूछताछ के लिए 2 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सीकरी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फेसबुक पर प्रोफाइल देख रहा था। इसी दौरान उसे एक पेज दिखाई दिया, जिस पर शेयर ट्रेडिंग से संबंधित विज्ञापन चल रहा था।
विज्ञापन पर लाइक करने के बाद उन्हें एक व्हाट्सएप गु्रप में जोड़ लिया गया, जहां ब्लॉक ट्रेडिंग के नाम पर निवेश कर अधिक मुनाफे का लालच दिया गया। ठगों ने उसको नकली वेबसाइट पर लॉगिन कराया और निवेश के नाम पर अलग-अलग चरणों में कुल 5.75 लाख रुपये जमा करवाकर धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया।
जिस शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि संदीप, नरेला दिल्ली में एक प्राईवेट कम्पनी में काम करता है। टेलिग्राम के माध्यम से उसका ठगों से सम्पर्क हुआ था और टेलीग्राम पर ही उसकी बात आंध्र प्रदेश निवासी खाताधारक हनीफ से हुई थी।
हनीफ खाता देने के लिए आंध्र प्रदेश से दिल्ली आरोपी के पास आया था। जिसके खाता को आरोपी ने ऑपरेट किया और खाते में आये ठगी के 4,27,333 रूपए को आगे ठगों के पास ऑनलाईन के माध्यम से भेज दिया था। हनीफ को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।