JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना एनआईटी फरीदाबाद में फेसबुक के माध्यम से संपर्क कर स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर 87,000 की साइबर ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना एनआईटी की टीम ने आरोपी नीलू सिंह निवासी मोतीवारा, जिला अलवर राजस्थान को 23 जून 2026 को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जिसको 24 जून को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस प्रवक्ता अनुसार साइबर थाना एनआईटी की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नीलू सिंह को भिवाड़ी से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि वह भिवाड़ी की एक निजी कंपनी में कार्यरत है तथा उसके बैंक खाते में ठगी की राशि में से 50000 प्राप्त हुए थे। जिसने अपना बैंक खाता अपने एक परिचित को दिया था।
बता दें कि संजय कॉलोनी सेक्टर-23 निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 दिसंबर 2025 को फेसबुक के माध्यम से एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे संपर्क किया। बातचीत के दौरान ठग ने स्वयं को शेयर बाजार में निवेश का विशेषज्ञ बताते हुए कम समय में अधिक लाभ कमाने का झांसा दिया और मोबाइल नंबर साझा किए जाने के बाद शिकायतकर्ता को एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया,
जहां पर कथित मुनाफे की जानकारी सांझा की जाती थी। जिससे प्रभावित होकर उसने निवेश करने का निर्णय लिया। ठगों ने उसके पास एक लिंक भेजा, जिसके माध्यम से एचडीएफसी के नाम से मिलता-जुलता एक संदिग्ध ट्रेडिंग एप्लिकेशन इंस्टॉल कराया गया। ठगों द्वारा उसकी आईडी एवं अकाउंट बनाकर विभिन्न चरणों में निवेश कराया गया।
निवेश के नाम पर 87,000 विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराकर उसके साथ ठगी के वारदात को अंजाम दिया गया। शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।