JKNEWS18/FARIDABAD : फरीदाबाद पुलिस ने एक संवेदनशील पोक्सो एक्ट के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पर नाबालिग युवती का यौन शोषण करने और अश्लील वीडियो बनाकर उसे लंबे समय तक ब्लैकमेल करने का आरोप है, जबकि दो अन्य आरोपियों ने उसी वीडियो के आधार पर पीडि़ता से रुपये ऐंठने की कोशिश की थी और वीडियो भेजे थे।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर संगीन अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराध शाखा सेक्टर.16 और महिला थाना सेंट्रल की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की। तीनों आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार कर फरीदाबाद लाया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमर राजा निवासी सरियां, जिला मुजफ्फरपुर बिहार, मोहम्मद शहनवाज निवासी मंसूरपुर चमरूआ, मुजफ्फरपुर तथा सादमान निवासी गांव बथना डीहए जिला मुजफ्फरपुर बिहार के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी कमर राजा अपने गांव की मस्जिद में काजी के रूप में कार्य करता था।
वर्ष 2022 में उसकी पहचान पीडि़ता से हुई थी। आरोप है कि उसने पीडि़ता के साथ अवैध संबंध बनाए तथा उसकी अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर ली। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार पीडि़ता को ब्लैकमेल करता रहा और कई बार जबरन शारीरिक संबंध भी बनाए।
वर्ष 2026 में मोहम्मद शहनवाज और सादमान ने कमर राजा को कथित रूप से आपत्तिजनक गतिविधियों के दौरान पकड़ लिया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया था।मोबाइल फोन में पीडि़ता की अश्लील वीडियो और उसका मोबाइल नंबर मौजूद था। दोनों युवकों ने वीडियों, पीडि़ता को भेजकर उसे बदनाम करने की धमकी दी और 50 हजार रुपये की मांग करते हुए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर 6 जून 2026 को महिला थाना सेंट्रल में पोक्सो एक्ट, आईटी एक्ट तथा एक्सटॉर्शन सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान तकनीकी सहायता से आरोपितों के बिहार में होने की जानकारी मिलने पर अपराध शाखा सेक्टर-16 को कार्रवाई में सहयोग के निर्देशित किया गया।
निरीक्षक उषा प्रभारी महिला थाना सेंट्रल के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने बिहार में दबिश देकर पहले कमल राजा को काबू किया फिर उसकी पूछताछ पर मोहम्मद शहनवाज व सादमान को काबू किया गया। जिनसे मोबाइल फोन बरामद किया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।