JKNEWS18/FARIDABAD : फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने टेलिग्राम टास्क के नाम पर 16,34,521 रुपये की साइबर ठगी के मामले में दो आरोपियों को काबू किया है। जिनकी पहचान भूपिन्द्र सिंह निवासी गांव कोट भगतू, जिला बठिंडा पंजाब तथा अर्जन सिंह निवासी टीका नंगला नई बस्ती हाथरस उत्तर प्रदेश हाल निवासी अर्जुन नगर बठिंडा पंजाब के रूप में हुई है।
जिनको 11 जून को बठिंडा पंजाब से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार फरीदाबाद निवासी एक महिला ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी कि 21 जून को टेलिग्राम के माध्यम से कुछ लोगों ने उससे संपर्क किया। ठगों ने उसे होटलों की रेटिंग कर प्रतिदिन 5-6 हजार रुपये कमाने का लालच दिया।
इसके बाद उसे एक लिंक भेजकर पंजीकरण कराया गया और बोनस के रूप में 10 हजार रुपये दिखाए गए। बाद में उसको पेड टास्क करने के लिए कहा गया और टास्क के नाम पर उससे विभिन्न खातों में पैसे जमा करवाए गए। जब उसने अपनी राशि निकालने की कोशिश की तो उससे और पैसे जमा कराने की मांग की गई। आरोपियों ने झांसे में लेकर उससे कुल 16,34,521 रुपये की ठगी कर ली।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अर्जन सिंह ने अपनी पत्नी का बैंक खाता भूपिन्द्र सिंह को उपलब्ध कराया था।
उक्त खाते में ठगी के प्राप्त 2,94,000 रुपये आये थे, जिनको अर्जुन ने खाता से निकलकर भूपिन्द्र को दिए गए थे। वहीं भूपिन्द्र ने भी अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था, जिसमें ठगी के 109000 रुपये आए थे। जिनको आगामी पूछताछ के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।