JKNEWS18/FARIDABAD : शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने 30 मई को ट्रांसपोर्ट नगर, लुधियाना, पंजाब से खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हंसराज गोयल निवासी लुधियाना पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-86 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में दी शिकायत में बताया कि उसके व्हॉट्सएप पर एक लिंक प्राप्त हुआ। लिंक पर क्लिक करने के बाद वह एक व्हॉट्सएप ग्रुप से जुड़ गया, जहां पर ठगों द्वारा उसे स्टॉक्स, प्री.आईपीओ एवं ब्लॉक डील्स में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का लालच दिया गया।
ठगों ने अलग-अलग ट्रांजैक्शनों के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में कुल 73,97,600 रुपये ट्रांसफर करवा लिये। बाद में उसको न तो कोई लाभ मिला और न ही उसकी राशि वापस की गई। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी की जनता ट्रांस.वे नाम से एक फर्म है, जिसका खाता उसने आगे ठगो को दिया था। खाता में ठगी के 7 लाख रुपये आये थे। आरोपी का ट्रांसपोर्ट का काम है। जिसको माननीय अदालत में पेश कर आगामी पूछताछ हेतु 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।