JKNEWS18/FARIDABAD : टेलीग्राम टास्क के माध्यम से वर्क फ्रॉम होम का लालच देकर 1,14,794 रुपये की ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना एनआईटी की टीम ने खाताधारक राजकुमार निवासी सवाई माधोपुर राजस्थान को गिरफ्तार किया है। जिसके वॉलेट में ठगी के 43000 रुपये आये थे।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार थाना एनआईटी फरीदाबाद क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ठगों द्वारा उसे वर्क फ्रॉम होम के लिए संपर्क किया गया और टेलीग्राम के माध्यम से कुछ टास्क दिए गए। टास्क के बदले लाभ का झांसा देकर ठगों ने उससे कुल 1,14,794 रुपये विभिन्न खातों में डलवा लिये।
जब शिकायतकर्ता ने लाभ सहित पैसे वापस मांगे, तो ठगों ने उसे ब्लॉक कर दिया। शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि राजकुमार वॉलेट होल्डर है, जिसके पास वॉलेट था, जिसमें ठगी के 43,000 रुपये आये थे। वह बीए पास है। जिसको मानननीय न्यायालय में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।