JKNEWS18/FARIDABAD : केन्द्रीय श्रम मंत्रालय से सेवानिवृत महिला से डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 40 लाख की ठगी करने के मामले में थाना साइबर अपराध एनआईटी की टीम ने 19 मई को एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। जिसकी पहचान रावत राम वासी निम्बानियों की ढांणी बाडमेर हाल सेक्टर-11 मालवीय नगर जयपुर के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि रावत राम खाताधारक है, जिसके खाता में ठगी के 2,02,000 रूपए आये थे। जिसने अपने खाता से पैसों को निकलवाकर आगे एक अन्य व्यक्ति को दिये थे। जिसको माननीय न्यायलय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। घटनाक्रम में अब तक 12 को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बता दें कि फरीदाबाद की रहने वाली एक महिला की शिकायत साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज किया गया था। जिसमें बताया गया कि एक अंजान नंबर से फोन करने वाले ने अपने आपको कर्मचारी बताया और कहा कि शिकायतकर्ता के फोन नंबर का उपयोग लोगों से जबरन वसूली करने के लिये किया जा रहा है। फिर शिकायतकर्ता की पुलिसकर्मी से बात कराई।
कथित पुलिसकर्मी ने कहा कि उसके आधार नंबर का उपयोग केनरा बैंक मुंबई में एक खाता खोलने के लिये किया गया हैए इस खाते में लगभग 6 करोड़ का अवैध लेनदेन किया गया है।
ठगो ने शिकायतकर्ता पर दबाव बनाया कि अवैध गतिविधियों के चलते मुंबई में कई एफआईआर दर्ज की गई हैं। गिरफ्तारी व संपत्ति जब्ती के लिए भी वारंट जारी किये है। ठगो ने शिकायतकर्ता के पास वारंट भी भेजे। ठगों ने शिकायतकर्ता को 11 से 29 नवंबर तक हाउस अरेस्ट रखकर 40 लाख रुपए के फ्रॉड की वारदात को अंजाम दिया ।