JKNEWS18/FARIDABAD : शेयर मार्केट में निवेश के बहाने 12.50 लाख रूपए की ठगी के मामले में साईबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दो आरोपियों को काबू किया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-10 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी कि जुलाई 2025 में उसकी फेसबुक के माध्यम से एक महिला से जान-पहचान हुई थी।
इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हुई। महिला ने स्वयं को कई वर्षों से इंटरनेशनल करेंसी एक्सचेंज, फॉरेक्स मार्केट में ट्रेडिंग करने वाली बताकर उसको अपने झांसे में लिया और शेयर मार्केट में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। महिला ने उसको अधिक मुनाफे का लालच देते हुए कहा कि वह उसके पैसे को भी अपने निवेश के साथ ट्रेडिंग में लगाएगी।
इसके लिए उसने शिकायतकर्ता को अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी भेजी, जिनमें उसने कुल 12,50,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद महिला द्वारा उसको फर्जी निवेश और भारी लाभ दर्शाने वाले स्क्रीनशॉट भेजे गए। जब उसने अपनी राशि वापस मांगनी चाही तो उससे और पैसे जमा करवाने का दबाव बनाया गया।
उसके द्वारा मना करने पर ठगों ने उसकी मॉफ्र्ड व आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। जिस शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने उद्देश राकेश दुबे निवासी हाल मौरिया नगर जिला पालघर महाराष्ट्र तथा मेहराज निवासी सयुदनगर जिला पालघर महाराष्ट्र को 5 मई को पालघर महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों मुंबई में रहते हैं, जहां उनकी आपस में पहचान हुई थी। मेहराज ने उद्देश का बैंक खाता ठगों को उपलब्ध करवाया था, जिसमें ठगी के 4,50,000 रुपये ट्रांसफर हुए थे। उद्देश राकेश दुबे को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि मेहराज को आगामी पूछताछ हेतु 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।