JKNEWS18/FARIDABAD : 25 लाख रूपए की साईबर ठगी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को काबू किया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-16 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि अज्ञात ठगों ने उससे व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर स्वयं को कर्मचारी बताया। फिर शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया।
जिनकी बातों में आकर उनके द्वारा बताये गये एक मोबाइल एप को डाउनलोड कर शिकायतकर्ता निवेश करने लगा। एप के माध्यम से कुल 1,12,56,000 रुपये निवेश कर दिये। जब अपनी निवेश राशि वापस लेने का प्रयास किया तो ठगों ने उससे 50 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने आगे बताया साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने दीपक वासी गांव नंगला हुकम सिंह जिला गौतमबुद्द नगर उत्तर प्रदेश व पंकज कुमार वासी गांव भाईपुर जिला बुलंदशहर उत्तर प्रदेश हाल ग्रेटर नोएडा उत्तर प्रदेश को 6 मई को कोसली रेवाडी से गिरफ्तार किया है। उन्होंने और अधिक जानकारी देते हुये बताया कि दोनों आरोपी दोस्त हैं।
पंकज पर पहले भी साइबर ठगी के मामले दर्ज है और वह भौंडसी जेल में बंद रहा है। जहां पर उसको खाता उपलब्ध कराने वाले टेलीग्राम चैनल की जानकारी प्राप्त हुई। जेल से बाहर आने के बाद टेलीग्राम चैनल के माध्यम से उसका शुभम से संपर्क हुआ। जिसको उसने खाता उपलब्ध करवाने बारे कहा।
शुभम ने रामसिंह और साहिल को खाता लेकर पंकज के पास ग्रेटर नोएडा भेजा। जहां पर दीपक ने रामसिंह और साहिल की फर्म का बैंक खाता टेलीग्राम के माध्यम से आगे दुबई में ठगों को भेज दिया। रामसिंह और साहिल, पंकज व दीपक के पास एक सप्ताह ग्रेटर नोएडा में रुके। इस दौरान खाता में ठगी के 25 लाख रूपये प्राप्त हुये थे।
खाता को पंकज व दीपक ने ऑपरेट किया और खाते में आये ठगी के पैसे को आगे अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिया। जिनको आगामी पूछताछ के लिए 5 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रामसिंह व साहिल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। शुभम की गिरफ्तारी बकाया है, जिसकी तलाश साइबर थाना की टीम द्वारा की जा रही है।