JKNEWS18/FARIDABAD : बीते 29 मार्च 2025 को साइबर थाना सैंट्रल में दर्ज एक शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 17.42 लाख रुपये की ठगी के मामले में थाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए 24 मार्च को खाता उपलब्ध करवाने वाले फरमान आरीफ मीर निवासी बटोत जिला रामबन जम्मू कश्मीर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-19 फरीदाबाद निवासी एक महिला ने साइबर थाना सैंट्रल में दी शिकायत में बताया कि वह गूगल पर शेयर मार्केट में निवेश से संबंधित जानकारी सर्च कर रही थी। इसी दौरान एक लिंक पर क्लिक करने के बाद उसके व्हाट्सएप पर एक संदेश आया, जिसमें उसे ग्रुप जॉइन करने के लिए कहा गया।
ग्रुप से जुडऩे के बाद उसको शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। ठगों के कहने पर उसने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 17,42,000 रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद न तो उसे कोई लाभ मिला और न ही निवेश की गई राशि वापस मिली। जिस शिकायत पर साइबर थाना सैंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी फरमान ने अब्दुल मनान से खाताधारक मोहम्मद मजीद का खाता लेकर आगे उपलब्ध करवाया था। आरोपी 12वीं पास तथा बेरोजगार है। माननीय अदालत में पेश कर आरोपी को आगामी पूछताछ के लिए 5 दिन पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में मोहम्मद मजीद और अब्दुल मनान को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।