JKNEWS18/FARIDABAD : आईपीओ में निवेश का लालच देकर 20,41,000 रुपये की ठगी करने के आरोपी को साईबर थाना एनआईटी की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-43 फरीदाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत दी कि उसे ठगों द्वारा एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां अन्य निवेशकों के मुनाफे से संबंधित जानकारी सांझा की जाती थी।
इसके बाद ठगों ने उसे एक मोबाइल एप का लिंक भेजकर एप डाउनलोड करवाया और उसका अकाउंट खुलवाया। ठगों ने उसको आईपीओ में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया। झांसे में आकर उसने विभिन्न ट्रांजेक्शनों के माध्यम से कुल 20,41,000 रुपये ठगों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।
जब उसने लाभ सहित अपनी राशि वापस मांगी तो ठगों ने बहाने बनाना शुरू कर दिया। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए 20 मार्च को विजय सिंह निवासी इराच, जिला झांसी उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विजय सिंह खाताधारक है, जिसने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध करवाया था। उसके खाते में ठगी की राशि में से 14 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। वह 10वीं पास है तथा बेरोजगार है। जिसको माननीय अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।