JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना एनआईटी की टीम ने होटल बुकिंग के नाम पर 48010 रुपये की ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्रम सिंह निवासी गांव बुराना जिला डीग हाल सेक्टर-4 सोहना गुडग़ांव को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-21 निवासी एक महिला ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी कि वह होटल बुकिंग के लिए गूगल पर सर्च कर रही थी। इसी दौरान उस एक वेबसाइट दिखाई दी। जब उसने वेबसाइट पर दिए गए नंबर पर कॉल किया तो सामने वाले व्यक्ति ने होटल बुकिंग कन्फर्म करने के लिए भुगतान करने को कहा और उसे एक क्यू कोड भेजा।
उसने पहले 9480 रुपये का भुगतान किया, लेकिन आरोपी ने कहा कि यह भुगतान गलत है और 9530 रुपये का भुगतान करना होगा तथा पहले वाली राशि रिफंड हो जाएगी। इसके बाद उसने 9530 रुपये का भुगतान किया, लेकिन फिर आरोपी ने भुगतान को गलत बताते हुए उससे 29000 रुपये और ट्रांसफर करवा लिए। इसके बावजूद उसको होटल बुकिंग की कोई कन्फर्मेशन नहीं मिली।
जिस पर शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विक्रम सिंह पहले गिरफ्तार आरोपी साहिल व मनीष का दोस्त है और जिस खातों में ठगी के पैसे आते थे उन पैसों में से अपना कमीशन रख कर विक्रम पैसे निकलवाकर मनीष को दे देता था। माननीय अदालत में पेश कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।