JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना एनआईटी की टीम ने कार्रवाई करते हुए 1,98,000 रुपये की साइबर ठगी के मामले में खाता उपलब्ध करवाने वाले आरोपी आर्यन निवासी गांव जिजाथल जिला अलीगढ़ उत्तर प्रदेश हाल निवासी उत्तमनगर दिल्ली को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बडख़ल निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसके फोन से अचानक तीन ट्रांजेक्शन के माध्यम से 1,98,000 रुपये कट गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आर्यन ने मनीष का बैंक खाता अपने दोस्त साहिल से लेकर आगे ठगों को उपलब्ध करवाया था। मनीष के खाते में ठगी के 99,000 रुपये आए थे। मनीष और साहिल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच में सामने आया कि आर्यन और साहिल दोस्त हैं। आर्यन ने मनीष को खाता उपलब्ध कराने के लिए बोला था। आर्यन को माननीय अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।