JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना एनआईटी की टीम ने होटल बुकिंग के नाम पर 48,010 रुपये की ठगी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल निवासी गांव चामोदा, जिला अलवर राजस्थान तथा मनीष वासी गांव घोघोर जिला डीग राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-21 फरीदाबाद निवासी एक महिला ने साइबर थाना में शिकायत दी थी कि वह होटल बुकिंग के लिए गूगल पर सर्च कर रही थी। जब उसने वेबसाइट पर दिए गए नंबर पर कॉल किया तो सामने वाले व्यक्ति ने होटल बुकिंग कन्फर्म करने के लिए भुगतान करने को कहा और उसे एक क्यू कोड भेजा।
उसने पहले 9480 रुपये का भुगतान किया, लेकिन आरोपी ने कहा कि यह भुगतान गलत है और 9530 रुपये का भुगतान करना होगा तथा पहले वाली राशि रिफंड हो जाएगी। इसके बाद उसने 9530 रुपये का भुगतान किया, लेकिन फिर आरोपी ने भुगतान को गलत बताते हुए उससे 29000 रुपये और ट्रांसफर करवा लिए।
इसके बावजूद उसको होटल बुकिंग की कोई कन्फर्मेशन नहीं मिली। जिस पर शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मनीष होटल बुकिंग वेबसाइटों पर अपने मोबाइल नंबर डाल देता था।
जब शिकायकर्ता ने गूगल के माध्यम से वेबसाइट देख कर होटल बुकिंग के लिए कॉल किया तो कॉल आरोपी मनीष के पास गई और उसने होटल बुकिंग के नाम पर उससे पैसे ठग लिये। वहीं आरोपी साहिल, आरोपी मनीष को सिम कार्ड और बैंक खाते उपलब्ध करवाता था,जिनका इस्तेमाल ठगी की राशि प्राप्त करने के लिए किया जाता था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया, जहां से आगामी पूछताछ के लिए उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।