JKNEWS18/FARIDABAD : ट्रेडिंग में इनवेस्टमेंट के नाम पर 91,50,000 रुपये की ठगी करने के एक मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने 12 मार्च को 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है,
जिनकी पहचान निकुंज माकडिया निवासी नियर टिमबडी पाटिया, मोरवी हाल निवासी अल्फा होम-बी, उमा टाउनशिप जिला मोरवी गुजरात, मिलन निवासी मोरवी गुजरात, आशीष निवासी चंद्रेश नगर जिला मोरवी गुजरात, लुंभाराम निवासी गांव तारतातरा नरोणिया का तला, भोमासर जिला बाड़मेर राजस्थान तथा पुरखाराम निवासी गांव जाखड़ों की ढाणी सनावड़ा, बाड़मेर राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार एनआईटी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी फेसबुक पर एक व्यक्ति से बातचीत शुरू हुई। फिर उनकी व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी। कथित व्यक्ति ने उसको ट्रेडिंग इनवेस्टमेंट के बारे में बताया और अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया और उसका एक ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया।
ठगों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने उनके द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में ट्रेडिंग के नाम पर कुल 91,50,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उसको न तो कोई मुनाफा मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। इस संबंध में साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि लुंभाराम और पुरखाराम दोनों आरोपी आशीष के पास मोरवी में कारपेंटर का काम करते थे। आशीष ने उनसे पैन कार्ड, आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज लेकर अपने साथी मिलन को दे दिये।
आरोपी मिलन जोकि बैंक में कार्यरत है ने इन दस्तावेजों के आधार पर लुंभाराम और पुरखाराम के बैंक खाते खुलवाए और अपने साथी निकुंज की मदद से इन खातों को आगे साइबर ठगों को उपलब्ध करवा दिया। खातों में ठगी के करीब 30 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे।
आरोपी लुंभाराम, पुरखाराम और आशीष को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि मिलन और निकुंज को आगे की पूछताछ के लिए 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।