JKNEWS18/FARIDABAD : पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम अभिषेक जोरवाल के मार्गदर्शन में फरीदाबाद पुलिस की साइबर थानों की टीम द्वारा साइबर अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना सैंट्रल की टीम ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर की गई ठगी के एक मामले में खाताधारक रघुवीर को जैसलमेर राजस्थान से गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-81 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सैंट्रल में दी शिकायत में आरोप लगाया कि दिनांक 26 सितम्बर को उसके व्हाट्सएप पर शेयर मार्केट में निवेश से संबंधित एक मैसेज आया। इसके बाद उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया, जहां निवेश से संबंधित जानकारी दी जाती थी।
फिर उसे एक एप का लिंक भेजा गयाए जिसे डाउनलोड करवा कर उसका खाता खुलवाया गया और निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया। उसने ठगों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में कुल 72,74,882 रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उसने अपनी राशि निकालने के बारे में कहा तो उससे और पैसों की मांग की गई।
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर थाना सैंट्रल में शिकायत दर्ज करवाई, जिस पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने आगे बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना सैंट्रल की टीम ने रघुवीर सिंह निवासी गांव खींवसर, जिला जैसलमेर राजस्थान को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इस मामले में खाताधारक है, जिसके बैंक खाते में ठगी की राशि में से 50000 रुपये आए थे। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।