JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना सैंट्रल की टीम ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 6,13,000 रुपये की ठगी के एक मामले में खाताधारक को ग्वालियर मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-37 फरीदाबाद निवासी एक महिला ने साइबर थाना सैंट्रल में शिकायत दी थी कि दिनांक 9 सितम्बर को उसके टेलीग्राम पर ट्रेडिंग के माध्यम से पैसे कमाने से संबंधित एक मैसेज आया। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया और ट्रेडिंग के नाम पर उसका अकाउंट खुलवाया गया।
आरोपियों के कहने पर पीडि़ता ने निवेश के लिए विभिन्न खातों में कुल 6,13,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उससे और पैसे निवेश करने के लिए कहा गया तो उसने मना कर दिया तथा अपनी राशि वापस मांगी, लेकिन उसे कोई भी पैसा वापस नहीं किया गया। जिस शिकायत पर साइबर थाना सैंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना सैंट्रल की टीम की कार्रवाई करते हुए हर्ष वर्धन निवासी कोटावाला मोहल्ला लोहा मंडी जिला ग्वालियर मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध करवाया था, जिसमें ठगी की राशि में से 4,80,000 रुपये आये थे। आरोपी 12वीं पास व बेरोजगार है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।