JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना बल्लभगढ की टीम ने कार्रवाई करते हुए 786 सीरीज के करेंसी नोट को अधिक कीमत पर खरीदने का वीडियो बनाने व खाता ऑपरेट करने के मामले में आशिफ व आलम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीही फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ में दी शिकायत में आरोप लगाया कि जुलाई माह में वह यू.टयुब पर रील देख रहा था, तभी उसे 786 सीरीज के नोट खरीदने के बारे में विज्ञापन देखा। शिकायतकर्ता ने दिये गये नम्बर पर कॉल किया और ठगों के बतायेनुसार नोटो की फोटो खीचकर उनके पास भेजी।
ठगों ने बताया कि पांच नोटो के बदले 34,21,000 रूपए दिये जायेंगे लेकिन पहले रजिस्ट्रेशन के लिए 1550 रूपए भेजने पडेगे, उसके बाद शिकायतकर्ता से सरकारी फीस के नाम पर 12,499 रूपएऔर लिये गये। ऐसे बातों में फंसा कर ठगों ने 1,20,548 रूपए ठग लिये। जिस शिकायत पर थाना बल्लभगढ में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना बल्लभगढ की टीम ने कार्रवाई करते हुए आशिफ व आलम निवासी भरतपुर राजस्थान को फिरोजपुर झिरका से गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी भाई है व दोनों ने 786 सीरीज के करेंसी नोट को अधिक कीमत पर खरीदने का वीडियो बनाया था, खाता भी आरोपी ही ऑपरेट करते थे। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायलय में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।