JKNEWS18/FARIDABAD : फरीदाबाद पुलिस द्वारा नशा तस्करों पर प्रहार करके मादक पदार्थों को जब्त किया जा रहा है और समय-समय पर इन मादक पदार्थों को नष्ट भी किया जाता है। इसी कड़ी में फरीदाबाद पुलिस द्वारा विभिन्न मुकदमों में बरामद किये गये मादक पदार्थों को पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता वाली ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी ने आग के हवाले कर नष्ट किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि 30 सितंबर को जिला फरीदाबाद की ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने फरीदाबाद पुलिस के विभिन्न थानों के 66 अभियोगो में बरामद 23.048 किलोग्राम गांजा, 7.036 ग्राम हेरोइन व 167 इंजेक्शन्स मादक पदार्थों को गोल्डन ईगल वैस्ट मैनेजमेंट कंपनी तिगांव रोड गांव जसाना में नष्ट किया गया।
जिला फरीदाबाद की ड्रग डिस्पोजल कमेटी में पुलिस आयुक्त फरीदाबाद (चेयरमैन), पुलिस उपायुक्त मुख्यालय सदस्य व सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय सदस्य है।
कार्यवाही के दौरान नशीले पदार्थ को पुलिस आयुक्त ने अपनी देखरेख में फोटोग्राफी करवाकर सुरक्षित तरीके से कानूनी प्रक्रिया के तहत गवाहों के सामने नष्ट करते हुए आग के हवाले करवाया। नष्ट किये गए मादक पदार्थों के मामले वर्ष 2024 व 2025 से संबंधित है। इस दौरान गवाह के तौर पर समाज के गणमान्य व्यक्ति विनोद कुमार ब्लॉक पार्षद, वेद प्रकाश सरपंच मौजूद रहे।
उन्होंने आगे कहा कि फरीदाबाद पुलिस का नशा तस्करों पर लगातार प्रहार जारी है, इस वर्ष अब तक 244 मामले दर्ज कर 335 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 337 किलोग्राम गांजा, 1 किलोग्राम स्मैक, 24000 कैप्सूल, 1570 टेबलेट 46 इंजेक्शन व अन्य पदार्थ बरामद किये गये हैं।