JKNEWS18/FARIDABAD : बडख़ल विधानसभा की जनता को बड़ी सौगात देते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने अनखीर चौक तथा एनआईटी स्थित 1-2 चौक पर आयोजित कार्यक्रमों में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का सोमवार को बड़े-बुजुर्गों के हाथों नारियल फुडवाकर विधिवत शिलान्यास किया।
शिलान्यास कार्यक्रम की अध्यक्षता बडख़ल विधानसभा के विधायक धनेश अदलखा ने की। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों में जलापूर्ति को सुचारू बनाने के लिए ट्यूबवेल की स्थापना, पार्कों का विकास और सौंदर्यीकरण, ओपन जिम की स्थापना, वर्षा जल संचयन प्रणाली का निर्माणए विभिन्न सडक़ों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य तथा सीवर डिसिल्टिंग जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
इन कार्यों के पूरे होने से क्षेत्र में पानीए स्वच्छता और यातायात संबंधी समस्याओं का समाधान होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में फरीदाबाद में सडक़ों और हाईवे कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व सुधार हुआ है।
बडख़ल और बाटा को जाम मुक्त करने के लिए 1500 करोड़ की लागत से स्लिप रोड का निर्माण किया जाएगा। जहां कभी हर चौराहे पर जाम की समस्या आम बात हुआ करती थी, वहीं आज बदरपुर बॉर्डर से लेकर करमन बॉर्डर तक निर्बाध और सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध है।
दिल्ली, वडोदरा, मुंबई कॉरिडोर से जुड़ाव और जेवर एयरपोर्ट व केएमपी एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी ने क्षेत्रीय विकास को नई दिशा और गति प्रदान की है। रेलवे स्टेशन और बुनियादी ढांचे के उन्नयन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से फरीदाबाद का ओल्ड रेलवे स्टेशन आधुनिक एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।
बडख़ल विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि बडख़ल विधानसभा क्षेत्र की जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर अटूट विश्वास जताते हुए उन्हें विधायक चुनकर अपना आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि जनता के इस विश्वास को वे कभी टूटने नहीं दूंगा और क्षेत्र की सेवा में पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करूंगा।
उन्होंने कहा कि बडख़ल क्षेत्र के नागरिकों को स्वच्छ पेयजल, सुंदर व आधुनिक पार्क, चौड़ी एवं सुगम सडक़ों के साथ-साथ सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधायक ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों को गति देने के लिए योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जा रहा है ताकि जनता को सुविधाओं का सीधा लाभ मिल सके।
अनखीर चौक पर आयोजित कार्यक्रम के समापन के उपरान्त केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर तथा बडख़ल विधायक धनेश अदलखा ने गुरुद्वारा साहिब में पहुंचकर मत्था टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर दोनों जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं से अभिवादन किया और क्षेत्र में समरसता व सांस्कृतिक एकता बनाए रखने के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर पार्षद वीरेंद्र भड़ाना, पार्षद लिखी चपराना, पार्षद गजेन्द्र लाला, पार्षद सुमन बाला, पार्षद जसवंत सिंह, पार्षद हरिकिशन गिरोटी सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकत्र्ता व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।