JKNEWS18/FARIDABAD : आज शनिवार को सूरजकुंड स्थित लेकवुड सिटी सोसाइटी में नि: शुल्क टैंकर जल सेवा के लिए शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह सेवा समाज के जरूरतमंद वर्ग को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई है।
इस अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और निशुल्क टैंकर जल सेवा का हरी झंडी दिखाकर विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह सेवा हर घर जल संकल्प की दिशा में एक सराहनीय कदम है, जिससे अनेक परिवारों को लाभ मिलेगा।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने अपने संबोधन में जल जीवन मिशन के तहत जारी हर घर नल से जल अभियान का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जल जीवन मिशन के माध्यम से देश के प्रत्येक ग्रामीण और शहरी घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मिशन के तहत अब तक करोड़ों घरों में नल कनेक्शन के माध्यम से जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा चुकी है, जिससे न सिर्फ जल संकट दूर हुआ है, बल्कि महिलाओं और बच्चों को भी बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक योजना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा से जुड़ा एक राष्ट्रीय अभियान है, जिसमें जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने युवाओं और सामाजिक संगठनों से भी आह्वान किया कि वे इस मिशन को और व्यापक बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं ताकि हर घर जल का संकल्प जल्द साकार हो सके।
केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री ने फरीदाबाद शहर में पेयजल संकट की वर्तमान स्थिति पर विशेष ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि एनआईटी और बडख़ल विधानसभा क्षेत्र ऐसे दो क्षेत्र हैं जहां पानी की उपलब्धता को लेकर लंबे समय से चुनौतियां बनी हुई हैं।
इस गंभीर समस्या का संज्ञान प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वयं लिया है और इन दोनों क्षेत्रों में जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 250 करोड़ रुपये के विशेष बजट को स्वीकृति दी है।
श्री गुर्जर ने बताया कि इस बजट के माध्यम से नई पाइपलाइनें बिछाई जाएंगी, पुराने जल स्रोतों का नवीनीकरण किया जाएगा और आधुनिक तकनीकों की मदद से जल वितरण व्यवस्था को प्रभावशाली बनाया जाएगा।
उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि वर्ष 2026 तक एनआईटी और बडख़ल विधानसभा क्षेत्रों में जल संकट की समस्या पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी। उन्होंने इस प्रयास को प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता और जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया तथा जनता से अनुरोध किया कि वे जल संरक्षण और जल प्रबंधन में भी सक्रिय भागीदारी करें।
नगर निगम मेयर प्रवीण जोशी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इस निशुल्क जल सेवा जैसी सामाजिक पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद जैसे तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्र में जल संकट एक गंभीर चिंता का विषय है और ऐसे में चरणजीत भड़ाना द्वारा उठाया गया यह कदम अत्यंत सराहनीय है।