JKNEWS18/FARIDABAD : मुख्यमंत्री उडन दस्ता फरीदाबाद को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि 36 गज प्लॉट सेक्टर-3 फरीदाबाद स्थित सियाराम राशन डिपो नम्बर 108800400282 के द्वारा सरकारी राशन को पात्र व्यक्तियों को वितरित न करके सरकारी राशन की कालाबाजारी की गई है यदि अचानक डिपो चैक किया जाए तो स्टॉक पाया जाएगा।
उपरोक्त सूचना के आधार पर मुख्यमंत्री उडऩदस्ता की टीम द्वारा मनोज कुमार बल्लभगढ़ व सत्यनारायण खाद्य निरीक्षक से सियाराम के राशन डिपो पर मौजूद सरकारी राशन के स्टॉक को भौतिक निरीक्षण कराने का प्रयास किया गया। सियाराम राशन डिपो होल्डर अपने डिपो पर उपस्थित नहीं मिला।
राशन डिपो होल्डर से उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करके अनुरोध किया गया कि राशन डिपो पर पहुंच कर सरकारी राशन के भौतिक स्टॉक का मिलन कराए। काफी अनुरोध के बाद भी राशन डिपो होल्डर सियाराम डिपो पर उपस्थित नहीं आया।
करीब ढाई-तीन घंटा इंतजार करने के बाद खाद्य विभाग के उपरोक्त अधिकारियों द्वारा सियाराम के राशन डिपो को सील कर दिया गया तथा सूचना दी गई की 3 जुलाई 2025 को राशन डिपो पर मौजूद स्टॉक का भौतिक निरीक्षण कराए।
उपरोक्त नोटिस की पालना में सियाराम राशन डिपो होल्डर द्वारा खाद्य विभाग के अधिकारियों से अनुरोध किया कि उसके राशन डिपो पर मौजूद स्टॉक का भौतिक निरीक्षण किया जाए।
जिस पर मनोज कुमार सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी बल्लभगढ़ व अन्य अधिकारियों द्वारा मौजिज व्यक्ति राहुल की मौजूदगी में सियाराम के राशन डिपो की सील खोलते हुए भौतिक निरीक्षण किया गया। भौतिक निरीक्षण पर इस डिपो पर 195 क्विंटल गेहूं, 31 क्विंटल बाजरा 872 लीटर सरसों का तेल रिकॉर्ड अनुसार कम पाया गया।
सरकारी राशन स्टॉक से कम पाया जाने पर सत्यनारायण निरीक्षक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की शिकायत पर आरोपी सियाराम राशन डिपो होल्डर के खिलाफ स्थानीय पुलिस थाना सेक्टर 8 में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अभियोग अंकित कराया गया तथा आरोपी सियाराम को भी स्थानीय पुलिस के हवाले किया गया है। स्थानीय पुलिस थाना सेक्टर 8 द्वारा नियम अनुसार कार्रवाई की जा रही है।