JKNEWS18/FARIDABAD : अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-85 व सेंट्रल की टीम ने 15-16 सितंबर की देर रात थाना खेड़ी पुल क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान चोरी की वारदातों में वांछित दो बदमाशों को काबू किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी।
घायल बदमाशों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल फरीदाबाद में भर्ती कराया गया है, जिनकी स्थिति सामान्य है। घायल आरोपियों की पहचान सोनू और राहुल, निवासी मोहन नगर, उत्तम नगर दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों आरोपी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की नीयत से फरीदाबाद आए थे।
सहायक पुलिस आयुक्तए अपराध-2 वरुण कुमार दहिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 15-16 सितंबर की रात अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम को सूचना मिली थी कि फरीदाबाद में चोरी की वारदातों में वांछित दो आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर अपराध शाखा सेक्टर 85 व सेंट्रल की टीम ने आगरा कैनाल रोड पर नाकाबंदी की।
इसी दौरान दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर आरोपियों ने मोटरसाइकिल वापस मोडक़र भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिसकर्मियों पर करीब 5-6 राउंड फायरिंग की। पुलिस टीम की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी।
पुलिस ने दोनों को काबू कर कर उपचार के लिए सिविल अस्पताल फरीदाबाद पहुंचाया। मौका से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा 2 कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। सोनू के खिलाफ दिल्ली में लूट एवं घरों में चोरी सहित करीब 26 मामले, जबकि राहुल के खिलाफ करीब 11 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
दोनों आरोपी फरीदाबाद के थाना ओल्ड फरीदाबाद तथा थाना सेक्टर-31 क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों में भी वांछित हैं। अपराध शाखा की टीम ने उनके एक साथी शिवम मोहन नगर उत्तम नगर दिल्ली को 15 सितंबर को गिरफ्तार किया था, जिसकी पूछताछ में आरोपितों द्वारा वारदात करने का खुलासा हुआ था।
उन्होंने आगे बताया कि दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिनकी स्थिति सामान्य है। पूछताछ के दौरान फरीदाबाद सहित अन्य स्थानों पर हुई चोरी की वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।