JKNEWS18/FARIDABAD : ऑनलाइन इंवेस्टमेंट के नाम पर 2 करोड़ 44 लाख 25 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना एनआईटी टीम ने कार्रवाई करते हुए दो खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सूरज और यतेंद्र निवासी गौतमबुद्ध नगर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम में से 85 लाख रुपये आरोपियों के तीन बैंक खातों में ट्रांसफर हुए थे। पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 लाख रुपये की राशि फ्रीज करवाई है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार सेक्टर-21 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में दी शिकायत में बताया कि 18 मई 2026 को उन्होंने गूगल पर ऑनलाइन इंवेस्टमेंट का विज्ञापन देखा।
विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उनके व्हाट्सऐप पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया। मैसेज करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को उक्त प्लेटफॉर्म का कर्मचारी बताते हुए निवेश से संबंधित जानकारी दी। इसके बाद कथित कर्मचारी ने शिकायतकर्ता के साथ मीटिंग की और ऑनलाइन निवेश में अधिक मुनाफे का झांसा दिया। ठगों ने निवेश के लिए शिकायतकर्ता का एक अकाउंट भी खुलवाया।
इसके बाद अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 18 में से 8 जुलाई के बीच कुल 2,44,25,000 रुपये निवेश कर दिए। जिसकी शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने तकनीकी जांच और बैंक खातों की पड़ताल के आधार पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपी ठगी की रकम प्राप्त करने वाले खाताधारक हैं। जांच में सामने आया कि सूरज के दो करंट बैंक खातों में 46.25 लाख और 20 लाख रुपये, जबकि यतेंद्र के बैंक खाते में 20 लाख रुपये की ठगी की रकम आई थी। इस प्रकार दोनों आरोपितों से जुड़े तीन खातों में कुल 85 लाख रुपये की राशि पहुंची थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सूरज के दोनों बैंक खातों के संबंध में अलग-अलग राज्यों में करीब 7-8 साइबर शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस इन शिकायतों तथा बैंक खातों में हुए अन्य संदिग्ध लेन-देन की भी जांच कर रही है।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले और आपस में दोस्त हैं। सूरज 10वीं कक्षा तक पढ़ा है और एक निजी कंपनी में नौकरी करता है, जबकि यतेंद्र बेरोजगार है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।