JKNEWS18/FARIDABAD : क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने सेक्टर.21 स्थित एक कार्यालय में चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान धर्मेन्द्र निवासी शर्मा चौक एनआईटी फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि विजय निवासी नंगला गुजरान ने पुलिस चौकी अनखीर में शिकायत दी थी कि वह सेक्टर-21 स्थित मस्कटियर बिजनेस एलएलपी के कार्यालय में कार्य करता है। 30 अगस्त 2026 को जब वह कार्यालय पहुंचा तो गेट का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर कार्यालय से 3 लैपटॉप, 1 मोबाइल फोन तथा अन्य सामान गायब मिला।
जिस पर थाना सूरजकुंड में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने कार्रवाई करते हुए धर्मेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर कार्यालय में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी सामान शिफ्टिंग में मजदूरी का कार्य करता है।
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर 2 लैपटॉप और एक बैग बरामद किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के अन्य साथी तथा चोरी किए गए शेष सामान के संबंध में भी जांच की जा रही है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।