JKNEWS18/FARIDABAD : थाना सेक्टर-31 क्षेत्र के अंतर्गत मुंबई एक्सप्रेस के एंट्री पॉइंट पर फ्लोरिडा अपार्टमेंट, सेक्टर-82 के आरडब्ल्यूए प्रधान पर जानलेवा हमला करने, उनकी कार में तोडफ़ोड़ करने तथा धमकी देने के मामले में अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को पलवल के गदपुरी टोल से गिरफ्तार किया है।
जिनकी पहचान सोनू निवासी गांव इस्लामाबाद, पलवल, रोहित निवासी गांव चांदहट, आशीष निवासी सेक्टर-16, फरीदाबाद तथा राहुल दूबे निवासी सेक्टर-82 फरीदाबाद के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त सेंट्रो कार, लोहे की पाइप तथा बेसबॉल डंडा बरामद किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता अनुसार अश्वनी शुक्ला निवासी फ्लोरिडा अपार्टमेंट सेक्टर-82 फरीदाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी सोसाइटी के आरडब्लयूए प्रधान हैं। सोसाइटी में रहने वाले किराएदारों का चरित्र सत्यापन एवं पुलिस वेरिफिकेशन कराने का कार्य कर रहा था। जिसके लिए सोसाइटी में किराएदारों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार किराएदारों के पुलिस सत्यापन को लेकर राजीव अत्री, राहुल दूबे, आशीष तथा उनके कुछ साथियों ने आपत्ति जताई। 23 अगस्त 2026 को राजीव अत्री एवं राहुल दूबे ने शिकायतकर्ता को सत्यापन का कार्य बंद करने की बात कहते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
26 अगस्त 2026 की शाम वह ड्यूटी से अपनी कार में घर लौट रहा था तो सेक्टर-30 स्थित अडाणी गैस के पास मुंबई एक्सप्रेसवे के एंट्री प्वाइंट पर आरोपियों ने उसकी कार में टक्कर मारकर रोक दिया और राहुल दूबे, आशीष पंडित तथा उनके अन्य साथियों ने लोहे की रॉड से शिकायतकर्ता की कार के शीशे तोड़ दिए और उसके साथ मारपीट की। जिससे उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं।
वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घटनाक्रम के संबंध में थाना सेक्टर 31 में मामला दर्ज कर अपराध शाखा सेंट्रल को जांच सौंपी गई। अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा आरोपी आशीष से वारदात में प्रयुक्त सेंट्रो कार व अन्य आरोपियों से लोहे की पाइप एवं बेसबॉल डंडा बरामद किया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राजीव अत्री एवं उसके साथियों की किराएदारों के चरित्र सत्यापन एवं पुलिस वेरिफिकेशन को लेकर शिकायतकर्ता से कहासुनी एवं विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने ने शिकायतकर्ता को सबक सिखाने के उद्देश्य से 26 अगस्त को रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की तथा उसकी कार में तोडफ़ोड़ की।