JKNEWS18/FARIDABAD : जिले में अवैध शराब की बिक्री, तस्करी एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस चौकी बस स्टैंड बल्लभगढ़ की टीम ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 49 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 21 अगस्त को पुलिस चौकी बस स्टैंड बल्लभगढ़ की टीम को अवैध शराब के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए रेलवे रोड बल्लभगढ़ के पास से दो आरोपियों सुनील निवासी मारीशा को-ऑपरेटिव सोसाइटी, जिला ठाणे, महाराष्ट्र तथा महेश निवासी ओमकार रेजीडेंसी, जिला ठाणे, महाराष्ट्र को काबू किया।
पुलिस टीम ने दोनों के कब्जे से 49 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। जिनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी मूल रूप से महाराष्ट्र के ठाणे जिले के रहने वाले हैं और किसी काम के सिलसिले में फरीदाबाद आए थे। दोनों ने फरीदाबाद से कम कीमत पर अंग्रेजी शराब खरीदकर उसे महाराष्ट्र में अधिक कीमत पर बेचने की योजना बनाई थी।
दोनों आरोपियों ने फरीदाबाद में शराब खरीदी और उसे लेकर ट्रेन के माध्यम से महाराष्ट्र जाने की फिराक में थे। इससे पहले ही पुलिस चौकी बस स्टैंड बल्लभगढ़ की टीम ने उन्हें शराब सहित काबू कर लिया। दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।