JKNEWS18/FARIDABAD : थाना धौज क्षेत्र के अंतर्गत गांव कुरेशीपुर स्थित गड्ढा कॉलोनी में महिला को घर से भगाने के लिए मारपीट करने, उसके ऊपर गर्म उबलता पानी डालकर गंभीर रूप से झुलसाने और बाद में कमरे में बंद रखने के मामले में थाना धौज पुलिस ने महिला सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ललिता व उसके पति धर्मेंद्र के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा मामले में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गड्ढा कॉलोनी गांव कुरैशीपुर निवासी महिला की शादी वर्ष 2024 में रोहित निवासी गड्ढा कॉलोनी के साथ हुई थी। पिछले करीब दो माह से पति के साथ अनबन चलने के कारण वह अपने पड़ोस में ही अपनी देवरानी की मां ललिता के घर पर रह रही थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ समय से छोटी-छोटी बातों को लेकर पीडि़ता और ललिता के बीच विवाद रहने लगा था। 15 अगस्त 2026 को खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। शिकायत के अनुसार 16 अगस्त की अल सुबह पीडि़ता कमरे में सो रही थी। इसी दौरान ललिता और धर्मेन्द्र ने कथित रूप से उसके ऊपर गर्म उबलता पानी डाल दिया।
गर्म पानी गिरने से पीडि़ता के शरीर का छाती के नीचे का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया। पीडि़ता ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद दोनों आरोपियों ने उसे उपचार के लिए बाहर जाने नहीं दिया और करीब तीन दिन तक मकान के कमरे में बंद करके रखा।
पीडि़ता प्रीति की शिकायत पर थाना धौज पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ललिता और धर्मेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दो ढाई साल पहले पीडि़ता की रोहित के साथ शादी हुई थी और करीब 2 महीने से महिला व उसके पति के बीच मनमुटाव चल रहा था।
जिसके चलते वह अपने देवरानी की मां ललिता के पास रह रही थी। ललिता से पूछताछ में सामने आया कि पीडि़ता प्रीति कुछ दिनों से घर के काम में हाथ नहीं बटा रही थी और उसके कारण घर पर विवाद रहता था। वह प्रीति को अपने घर से निकालना चाहती थी।
जिसके चलते 16 तारीख की सुबह उसके पति धर्मेद्र के साथ मिलकर प्रीति पर उबलता हुआ गर्म पानी डाल दिया और फिर घर पर ही उसको एक कमरे में बंद कर दिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि महिला के साथ हुई घटना के संबंध में सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।