JKNEWS18/FARIDABAD : जमीन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में आर्थिक अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेश पांडे निवासी गांव कपूरी जिला बलिया उत्तर प्रदेश हाल निवासी जलवायु विहार सेक्टर-77 फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने आरोपी को बलिया उत्तर प्रदेश से 20 अगस्त को गिरफ्तार किया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आरोपी ने शिकायतकर्ता से ऐसी जमीन का सौदा कर दिया, जो उसके नाम पर थी ही नहीं। जमीन की वास्तविक स्थिति शिकायतकर्ता के सामने आने के बाद भी आरोपी ने शिकायतकर्ता को दूसरी जमीन दिलाने का भरोसा दिया और उससे लाखों रुपये और भी ले लिये।
जांच में फर्जी दस्तावेज तैयार करने तथा जमीन मालिक के नाम से फर्जी हस्ताक्षर करने की बात भी सामने आई है। शिकायतकर्ता हर्ष त्यागी निवासी घरौडा फरीदाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर रिवाजपुर फरीदाबाद में 2610 वर्ग गज जमीन खरीदने का सौदा करीब 1.62 करोड़ रुपये में किया था।
शिकायत के अनुसार इस सौदे के लिए आरोपी पक्ष को करीब 40 लाख रुपये बतौर ब्याना दिए गए थे। बाद में जब शिकायतकर्ता ने जमीन के दस्तावेजों और मालिकाना हक की जांच कराई तो पता चला कि जिस जमीन का सौदा किया गया था, वह आरोपियों के नाम पर थी ही नहीं।
यह भी आरोप है कि पहली जमीन के संबंध में सच्चाई सामने आने के बाद आरोपितों ने शिकायतकर्ता को दूसरी जमीन दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद 1452 वर्ग गज जमीन का सौदा करीब 1.17 करोड़ रुपये में तय किया गया तथा 14,170000 रुपए और जमीन के संबंध में आरोपियों को दिये। इस प्रकार शिकायतकर्ता से करीब 54.70 लाख रुपये बतौर ब्याना लिया गया।
बाद में जमीन से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई गई तो उनमें भी कथित तौर पर धोखाधड़ी सामने आई। शिकायत के आधार पर थाना सेंट्रल में धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा सेंट्रल को सौंपी गई।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जमीन मालिक उदयवीर सिंह चौहान के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उन पर उसके फर्जी हस्ताक्षर किए। इसके आधार पर शिकायतकर्ता के नाम पर एग्रीमेंट तैयार करवाया गया।
आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रमेश पांडे को उसके मूल स्थान बलिया उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों, फर्जी दस्तावेज तैयार करने तथा पैसों के लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।