JKNEWS18/FARIDABAD : अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने थाना पल्ला क्षेत्र की श्याम कॉलोनी सेहतपुर में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की हत्या करने के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने हत्या के आरोपी अरुण कुमार निवासी बेलहरी जिला बलिया उत्तर प्रदेश हाल निवासी श्याम कॉलोनी सेहतपुर फरीदाबाद को 21 जुलाई 2026 को छपरा बिहार से काबू किया है। जिसको अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उससे घटना में प्रयुक्त हथियार व अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुछ समय पहले अपनी पत्नी किरण देवी के साथ अपने बेटे करण के पास फरीदाबाद रहने आया था। इसी दौरान उसे अपनी मां की तबीयत खराब होने की सूचना मिली, जिसके बाद वह अपनी मां को इलाज के लिए फरीदाबाद लेकर आया। आरोपी के अनुसार इसी बात को लेकर उसकी पत्नी से विवाद चल रहा था।
आरोपी ने बताया कि 16 जुलाई 2026 को दोनों के बीच घरेलू विवाद बढ़ गया। कहासुनी के दौरान उसने गुस्से में अपनी पत्नी की गर्दन एवं शरीर पर चाकू से कई वार कर दिए और वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने लगातार तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे छपरा बिहार से काबू कर लिया।
गौरतलब है कि मृतका के पुत्र करण निवासी श्याम कॉलोनी सेहतपुर ने थाना पल्ला में शिकायत दी थी कि 16 जुलाई 2026 की शाम को उसके माता-पिता के बीच घरेलू विवाद हुआ था।
विवाद के दौरान उसके पिता अरुण कुमार ने उसकी मां किरण देवी पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में हत्या की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।