JKNEWS18/FARIDABAD : फरीदाबाद पुलिस का अवैध नशा, मादक पदार्थ पर लगातार प्रहार जारी है। जिसके अंतर्गत कार्रवाई करते हुए फरीदाबाद पुलिस द्वारा विभिन्न मामलों में जब्त किये गये मादक पदार्थों को नष्ट किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में फरीदाबाद पुलिस द्वारा 87 मामलों में जब्त किया गया 109.808 किलोग्राम गांजा को आग के हवाले कर नष्ट किया है। यह कार्रवाई तिगांव रोड गांव जसाना स्थित गोल्डन ईगल वैस्ट मैनेजमेंट कंपनी में की गई।
बता दें कि जिला फरीदाबाद की ड्रग डिस्पोजल कमेटी में पुलिस आयुक्त फरीदाबाद चेयरमैन हैं तथा पुलिस उपायुक्त मुख्यालय व सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय सदस्य हैं। जिनकी देखरेख में यह कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
इस दौरान पुलिस आयुक्त ने अपनी देखरेख में मादक पदार्थ गांजा की फोटोग्राफी करवाकर सुरक्षित तरीके से कानूनी प्रक्रिया के तहत गवाहों के सामने नष्ट करते हुए आग के हवाले करवाया। नष्ट किये गए मादक पदार्थ विभिन्न थानों के वर्ष 2023-2026 के मामले से संबंधित थे।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि नशा मनुष्य को आर्थिक स्थिति के साथ-साथ शारीरिक व मानसिक रूप से भी कमजोर करता है तथा उसको अपराध की तरफ धकेलता है। नशे की आदत लगने पर छोड़ पाना बहुत ही मुश्किल हो जाता है। नशे से दूर रहकर समाज कल्याण में योगदान दें।
फरीदाबाद पुलिस द्वारा नशे के आदी लोगों की सहायता के लिए अभियान चलाये हुये हैं, जहां पर उनकी काउंसलिंग कराकर चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही फरीदाबाद पुलिस द्वारा नशे के दुष्प्रभाव के बारे में लगातार जागरूकता कार्यक्रम भी किये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जागरूकता कार्यक्रम के साथ-साथ नशा तस्करों पर भी फरीदाबाद पुलिस की कार्यवाही जारी है। फरीदाबाद पुलिस ने इस वर्ष अब तक 300 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की है।