JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने सीआईएसएफ के नाम पर सरकारी खरीद का झांसा देकर 30,000 की साइबर ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल किशोर निवासी हरदोई उत्तर प्रदेश, जतिन बाबू निवासी गांव शब्दलपुर, जिला हरदोई, उत्तर प्रदेश तथा राहुल गुप्ता निवासी गांव मेंडिया, जिला हरदोई, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
प्रवक्ता ने बताया कि तिरखा कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी एक आरसीसी टाइल्स निर्माता ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 17 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति ने स्वयं को सीआईएसएफ का अधिकारी बताकर उससे संपर्क किया और दिल्ली स्थित सीआईएसएफ इकाई के लिए आरसीसी टाइल्स की आवश्यकता होने की बात कही।
ठग ने व्हाट्सएप के माध्यम से कथित परचेज ऑर्डर एवं अन्य दस्तावेज भेजकर उसका विश्वास जीत लिया। इसके बाद ठग ने विक्रेता पंजीकरण शुल्क के नाम पर 59,000 जमा कराने की मांग की। उनकी बातों में आकर उसने 17 जनवरी को बताए गए बैंक खाते में 30,000 ट्रांसफर कर दिये। राशि जमा होने के बाद ठग लगातार शेष रकम जमा कराने का दबाव बनाते रहे, जिससे उसको ठगी का संदेह हुआ।
इसके बाद उसने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी, जिस पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कमल किशोर और जतिन बाबू को 23 जून को हरदोई से गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपितों को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गईए जिनकी पूछताछ पर तीसरे आरोपित राहुल गुप्ता को 26 जून को हरदोई से गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में सामने आया कि तीनों एक-दूसरे के परिचित हैं। कमल किशोर खाताधारक है, जिसका खाता जतिन बाबू ने राहुल गुप्ता को दिया था और राहुल गुप्ता ने इसे आगे ठगों के पास पहुंचाया था।
इस खाता में ठगी की 30,000 की राशि प्राप्त हुई थी। कमल किशोर स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य करता है, जबकि जतिन बाबू बीएससी का छात्र है। वहीं राहुल गुप्ता हरदोई में कैब चालक है। कमल किशोर और जतिन बाबू को जेल भेज दिया गया है वहीं राहुल गुप्ता को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।