JKNEWS18/FARIDABAD : एवीटीएस सिकरोना की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एवीटीएस सिकरोना की टीम ने एक मामले में रवि निवासी सुल्तानपुरी दिल्ली को फतेहपुर तगा गांव क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी अपने मित्र से मिलने के लिए दिल्ली से फरीदाबाद आया हुआ था।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया। जिसके विरुद्ध थाना धौज में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुछ समय पूर्व गोवर्धन परिक्रमा के लिए गया था, जहां से उसने लगभग 2000 में उक्त देसी कट्टा खरीदा था। आरोपी वर्ष 2010 में दिल्ली में दर्ज एक हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल भी जा चुका है।
इसी प्रकार दूसरे मामले में एवीटीएस सिकरोना की ही टीम ने रूद्राक्ष उर्फ भोला निवासी हाल गांव करनेरा फरीदाबाद को समयपुर रोड स्थित बैरागी चौक के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से भी एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। उसके विरुद्ध थाना सेक्टर-58 में शस्त्र अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ में रूद्राक्ष ने बताया कि वह मजदूरी का कार्य करता है तथा उसने हवाबाजी और रौब जमाने के उद्देश्य से लगभग 3,000 में किसी अज्ञात व्यक्ति से यह अवैध हथियार खरीदा था।
जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2024 में उसके विरुद्ध मोबाइल चोरी का एक मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह लगभग चार माह तक जेल में भी रहा है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।