JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने टेलिग्राम टास्क के नाम पर 16,34,521 रुपये की साइबर ठगी के मामले में 2 आरोपियों को बठिंडा पंजाब से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरविन्द्र सिंह और हेमन्त मित्तल निवासी जिला बठिंडा के रूप में हुई है। जिनको 2 दिन रिमांड के उपरांत पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गुरविन्द्र सिंह बठिंडा के एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत है, इसी दौरान उसकी पहचान भूपिन्द्र सिंह से हुई थी, जो पेट्रोल पंप पर तेल लेने के लिये आता था। भूपिन्द्र ने उसे कार्ड स्वाइप कर नकद राशि उपलब्ध कराने के लिये कहा था और बदले में कमीशन देने का लालच दिया।
गुरविन्द्र ने कार्ड स्वाइप कर ठगी की रकम के लगभग डेढ़ लाख रुपए निकालकर नकद भूपिन्द्र को दे दी, भूपिन्द्र ने यह रकम आगे हेमन्त मित्तल को सौंप दी थी। भूपिन्द्र को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
बता दें कि 21 जून को टेलिग्राम के माध्यम से ठगो ने फरीदाबाद निवासी एक महिला से संपर्क किया और होटलों की रेटिंग कर प्रतिदिन 5-6 हजार रुपये कमाने का लालच दिया और फिर एक लिंक भेजकर महिला का पंजीकरण कराया। जहां पर बोनस के रूप में 10 हजार रुपये दिखाये गये।
बाद में महिला को पेड टास्क करने के लिए कहा गया और टास्क के नाम पर उससे विभिन्न खातों में पैसे जमा करवा लिये गये। इस प्रकार ठगों ने महिला को झांसे में लेकर 16,34,521 रुपये की ठगी कर ली। शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।