JKNEWS18/FARIDABAD : फरीदाबाद पुलिस की विभिन्न अपराध शाखाओं की टीमों ने अलग.अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से 4 अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने रजत निवासी धीरज नगर फरीदाबाद को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ।
वहीं अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने सूरज साहनी निवासी क्षेत्र कोतवाली, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सूरज ने बताया कि उसने बरामद देसी कट्टा आजाद निवासी आजमगढ़ लोना, उत्तर प्रदेश हाल निवासी कोतवाली क्षेत्र फरीदाबाद से लिया था। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा की टीम ने आजाद को अवैध हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
इसी शाखा की टीम ने एक अन्य मामले में हिमांशु ठाकुर उर्फ बंटी निवासी नंगला एन्क्लेव पार्ट-2 फरीदाबाद को भी एक अवैध देसी कट्टे सहित गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने दीपक उर्फ चुना निवासी नालंदा बिहार हाल निवासी डबुआ कॉलोनी को एक अवैध देसी कट्टे सहित गिरफ्तार किया।
जिससे पूछताछ में डबुआ क्षेत्र में एक घर में चोरी की वारदात का खुलासा हुआ है। सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।