JKNEWS18/FARIDABAD : फरीदाबाद महानगर जिला प्रशिक्षण वर्ग में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ देश के करोड़ों लोगों तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सोहनपाल सिंह ने की। इस अवसर पर बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, जिला प्रभारी कमल यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, चेयरमैन हुक्म सिंह भाटी, जिला महामंत्री अनुराग गर्ग, कविंद्र चौधरी, जिला मीडिया प्रभारी राजेश कौशिक, वरिष्ठ भाजपा नेता पं. टिपरचंद शर्मा, भाजयुमो के पलवल प्रभारी कुशल ठाकुर, मार्किट कमेटी बल्लभगढ़ के चेयरमैन संजीव बैंसला, बलदेव अलावपुर, कार्तिक वशिष्ठ, राजेश डागर, सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण वर्ग में संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास है। इसी सोच के साथ केंद्र सरकार ने गरीबों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे उनका अपना घर होने का सपना साकार हुआ है।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना है, जिसके माध्यम से पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना से गरीब परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक बोझ से राहत मिली है।
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार की सभी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाएं और लाभार्थियों को योजनाओं से जोडऩे में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के नए युग की ओर बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की योजनाओं ने समाज के हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
फरीदाबाद महानगर जिला प्रशिक्षण वर्ग में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक स्पष्टता और कार्य विस्तार के विभिन्न आयामों पर मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण वर्ग में अलग-अलग सत्रों के दौरान वरिष्ठ नेताओं और वक्ताओं ने पार्टी की कार्यप्रणाली, वैचारिक अधिष्ठान, राष्ट्र के समक्ष चुनौतियों तथा संगठन विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में शैलेंद्र पांडे ने पार्टी की कार्यप्रणाली विषय पर अपने विचार रखते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यशैली, अनुशासन और जनसंपर्क के महत्व से अवगत कराया।
वहीं मनीष यादव ने मन की बात और राष्ट्र के समक्ष चुनौतियां विषय पर विस्तार से संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम मन की बात की उपयोगिता बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का माध्यम बना है।
प्रशिक्षण वर्ग के अन्य सत्रों में मुकेश गौड़ ने भाजपा के वैचारिक अधिष्ठान विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि पार्टी राष्ट्रवाद, सेवा और सुशासन की विचारधारा पर आधारित है तथा कार्यकर्ताओं को इन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए।
कार्यकर्ता विकास विषय पर मलिक रोजी आनंद ने संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के निरंतर प्रशिक्षण और विकास पर निर्भर करती है। कार्य विस्तार विषय पर धूमन सिंह किरमिच ने संगठन के विस्तार की रणनीति पर चर्चा की।