JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर हुई 6,60,500 रुपये की ठगी के मामले में बैंक खाता उपलब्ध करवाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-8, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने फेसबुक पर शेयर मार्केट में निवेश संबंधी एक विज्ञापन देखा।
जिसके बाद उसे व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। कुछ दिन ग्रुप की गतिविधियों को देखने के बाद उसने निवेश करने का निर्णय लिया और ग्रुप में ट्रेडिंग अकाउंट खोलने के लिए संपर्क किया। इसके बाद उसको प्ले स्टोर से एप्लिकेशन डाउनलोड करने के लिए कहा गया। एप्लिकेशन में लॉगिन करने के बाद उसने आरोपियों के बताए अनुसार विभिन्न खातों में कुल 6,60,500 रुपये निवेश के लिए ट्रांसफर कर दिए।
कुछ दिन बाद उसके ट्रैडिंग अकाउंट में अचानक 30 लाख रुपये दिखाया जाने लगाए जिसके नाम पर उस पर और पैसे जमा करवाने का दबाव बनाया गया। पैसे न देने पर उसे पुलिस कार्रवाई का डर भी दिखाया गया। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने आगे बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू कुमार साह निवासी गांव कुर्मीचक, जिला गोड्डा, झारखंड हाल निवासी दयाल बाग कॉलोनी, जिला फरीदाबाद के रूप में हुई है।
जिससे पूछताछ में सामने आया कि वह इंश्योरेंस का काम करता है और उसने खाताधारक प्रशांत का बैंक खाता लेकर साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था। उक्त खाते में ठगी के 2,35,000 रुपये प्राप्त हुए थे। जिसको आगामी पूछताछ के लिए 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। खाताधारक प्रशांत को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।