JKNEWS18/FARIDABAD : एपीके फाइल भेजकर धोखाधड़ी करने के मामले में साईबर थाना सैन्ट्रल पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता अनुसार पल्ला निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 अप्रैल को उसके पास व्हाट्सएप के माध्यम से एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने स्वयं को बैंक कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड की करने की बात कही।
इसके लिए ठगों ने उसके पास एक एपीके फाइल भेजी। जब उसने फाइल ओपन की तो कुछ देर बाद उसके खाते से 19,019 रुपये कट गए। शिकायत पर साइबर थाना सैंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना सैंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए विशाल गुप्ता निवासी गांव बलडिया, जिला कुशीनगर उत्तर प्रदेश हाल खोडा कॉलोनी,
जिला गाजियाबाद उत्तर प्रदेश, प्रियम सिंह निवासी गांव बेलसर, जिला हरदोई उत्तर प्रदेश हाल खोडा कॉलोनी गाजियाबाद उत्तर प्रदेश, रोशन कुमार निवासी गांव गड्डी, जिला दुमका झारखंड हाल खोडा कॉलोनी, शिवम कुमार निवासी गांव भीखी सराय, जिला अयोध्या उत्तर प्रदेश हाल खोडा कॉलोनी तथा नितीश कुमार निवासी देवघर, झारखंड हाल मुकंदपुर बुराड़ी को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि शिवम, विशाल और प्रियम सिंह पहले एक साथ कॉल सेंटर में काम करते थे। बाद में प्रियम की टेलीग्राम के माध्यम से नितीश और रोशन से जान-पहचान हुई। इसके बाद सभी ने मिलकर नोएडा में किराये पर कमरा लिया और वहीं से ठगी की वारदात को अंजाम दिया। शिवम के बैंक खाते का इस्तेमाल ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया गया था।
वहीं विशाल, प्रियम सिंह और नितीश कॉलर का काम करते थे, जिन्होंने शिकायतकर्ता को कॉल की थी। प्रियम सिंह फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध करवाने का भी काम करता था, जबकि रोशन एटीएम के माध्यम से खातों से पैसे निकालने का कार्य करता था। पुलिस ने पांचों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर आगामी पूछताछ हेतु 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।