JKNEWS18/FARIDABAD : अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने थाना एसजीएम नगर क्षेत्र के अंतर्गत घर में चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए 1 अप्रैल को एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार श्याम सुंदर निवासी एसजीएम नगर फरीदाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 मार्च को वह अपने परिवार के साथ घूमने गया हुआ था।
29 मार्च को फोन कर सूचना मिली कि उसके घर का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने पर जब वह रात को वापस घर पहुंचा, तो पाया कि अज्ञात व्यक्ति घर से नगदी व आभूषण चोरी करके ले गया। शिकायत के आधार पर संबंधित थाना में मामला दर्ज किया गया। उन्होंने आगे बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने करण निवासी एसजीएम नगर फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण एक मंगलसूत्र, 1 अंगूठी, 1 जोड़ी कानों के झुमके तथा 2 चूडिय़ां बरामद किये गये हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उसी क्षेत्र का रहने वाला है, उसने घर का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उसके खिलाफ पूर्व में चोरी के दो मामले दर्ज हैं। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।