JKNEWS18/FARIDABAD : साइबर थाना एनआईटी में दर्ज 10 लाख रुपये की ठगी के एक मामले में थाना की टीम ने एक आरोपी को सेक्टर-17 जगाधरी यमुनानगर से गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान अनिल कुमार निवासी हुडा सेक्टर-17 जगाधरी जिला यमुनानगर के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शाहपुर फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसके पास एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया, जिसने खुद को एल्युमिनियम कंटेनर का व्यापारी बताया। 19 जून 2025 को आरोपी ने शिकायतकर्ता के पास एल्युमिनियम कंटेनर के फोटो भेजे।
उसका एल्युमिनियम स्क्रैप का काम है तो कंटेनरों की आवश्यकता थी। वह आरोपी की बातों में आ गया और कंटेनर खरीदने के लिए आरोपी द्वारा बताए गए खाते में 10 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद न तो उसे कोई माल दिया गया और न ही पैसे वापस किए गए। जिस शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता का मोबाइल नंबर प्राप्त किया और कंटेनर उपलब्ध कराने का झांसा देकर उससे 10 लाख रुपये अपने खाते में डलवा लिये। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।