JKNEWS18/FARIDABAD : छांयसा थाने का एडिशनल एसएचओ एसआइ प्रदीप को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते एंटी करप्शन ब्यूरो ने गिरफ्तार किया है। उसने सडक़ हादसे के एक मामले में कार्रवाई करने की एवज में शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की मांग की थी। गांव छांयसा के रहने वाले संजय के चचेरे भाई की ईको वैन से 13 फरवरी को एक सडक़ हादसा हो गया था।
इसमें मोटरसाइकिल पर सवार रोहित नाम का युवक और उसका मामा घायल हो गए थे। उन्होंने ईको वैन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज छांयसा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच एसआइ प्रदीप कर रहे थे। इस मामले में दोनों पक्ष एक ही गांव के थे, इसलिए उनके बीच समझौता हो गया था।
इस संबंध में दोनों पक्षों ने एसआइ प्रदीप को सूचित कर दिया। समझौते के आधार पर मुकदमा रद्द करने की एवज में उसने संजय के चचेरे भाई से 40 हजार रुपये की मांग की थी। संजय ने इस संबंध में एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दे दी। बृहस्पतिवार देर शाम एंटी करप्शन ब्यूरो ने जाल बिछाकर एसआई प्रदीप को थाने से ही 40 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।