JKNEWS18/FARIDABAD : चौकी दयालबाग क्षेत्र में 29 जून को एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस चौकी दयालबाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास उर्फ पग्गर, निवासी शिव दुर्गा विहार, लकड़पुर, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता मोहम्मद शाहिद निवासी शिव दुर्गा विहार लकड़पुर फरीदाबाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई अहमद रज़्ज़ा बिजली की दुकान पर पानी की मोटर ठीक कराने गया था। इसी दौरान वहां आए एक युवक ने पहले दुकानदार और फिर अहमद रज़्ज़ा की जेब में हाथ डालने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने चाकू दिखाकर धमकाया।
जब अहमद रज़्ज़ा ने मोबाइल से उसकी वीडियो बनानी शुरू की तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उसके पेट में चाकू मार दिया। शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशा करने का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए पैसों की व्यवस्था करने के उद्देश्य से दुकान पर गया था।
वहां उसने चाकू के बल पर पहले दुकानदार की जेब से और फिर अहमद रज़्ज़ा की जेब से पैसे निकालने का प्रयास किया। विरोध होने और अपनी वीडियो बनाए जाने से गुस्से में आकर उसने अहमद रज़्ज़ा के पेट में चाकू मार दिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। बरामदगी के उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।